ज्ञानपुर। सुरियावां थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव में रविवार को बाइक की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक वीरापुर का निवासी था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुरियावां थाना क्षेत्र के बीरापुर निवासी बंशीधर (55) पुत्र बल्ली मजदूरी करता था। रविवार को दशरथपुर के पास सेविंग कराने के बाद वह सुरियावां- कलिंजरा मार्ग पर किनारे खड़ा था। उसी दौरान तेज गति से आ रही दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई, जिनकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे उनके बड़े भाई सुरेंद्र कुमार आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंशीधर की मौत के बाद उनकी पत्नी सुधरा देवी और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थित बेहद खराब है।