गोपीगंज। नगर पालिका परिषद सभागार में बुधवार को पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इसमें आय-व्यय के साथ निर्धारित एजेंडों पर बिंदुवार चर्चा की गई। इस दौरान बकाया धनराशि वसूली पर कड़ा रुख अपनाने और नगर में जीआईएस एवं एमआईएस सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। इससे नाराज सभासदों ने इसके खिलाफ विरोध प्रगट कर इसके स्थगन की मांग की। पालिका अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता ने कहा कि जुलाई और अगस्त में आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश किया गया। इसमें खर्च की तुलना में आय कम बताई गई थी। इस दौरान मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने और भवन कर निर्धारण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। कहा गया कि भवन एवं जल कर की बकाया धनराशि 31 मार्च 2019 तक जमा न करने पर कुल बकाया धनराशि पर 10 फीसदी सरचार्ज वसूला जाएगा। वहीं पालिका अंतर्गत छोटे भवनों पर कम कर के निर्धारण पर विचार के साथ मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए दवा का छिड़काव सभासदों के बहुमत से पारित किया गया। बैठक में मंगला पांडेय, शिवशंकर गुप्त, नरेंद्र दुबे, मोहित बाबू, संतोष मोदनवाल, मटरू यादव, आनंद मोदनवाल आदि रहे।