चौरी। भदोही विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय हरिचंदनपुर में सरकार आपके द्वार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया गया। जगह-जगह लगे स्टॉलों को लेकर ग्रामीणों में उत्सुकता दिखी। मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार आम जन का समुचित विकास कराने के लिए काम कर रही है। सरकार अब किसानों को इलाज के लिए ढाई लाख रुपए देगी। कैबिनेट से यह प्रस्ताव पास हो चुका है। भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि सरकार नि:शुल्क बिजली कनेक्शन देकर हर घर को रोशन कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्राम स्वराज का सपना तभी पूरा होगा जब अधिकारी इस पर गंभीर होंगे । इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं से रूबरू कराया गया। भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने स्वच्छ भारत मिशन के गीत सुनाए। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, कृषि अधिकारी अशोक प्रजापति, सचिन तिवारी, शैलेंद्र दुबे, राजन मिश्रा, संतोष सिंह, पवन सिंह, संतोष यादव, बब्बू दुबे, हलचल पटेल, बीएल पाल , केशवलाल, बेदिलाल प्रजापति, सर्वेश पाल आदि रहे।