ज्ञानपुर। प्रगतिशील मानव समाज पार्टी ने आरक्षण की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बिंद, केवट, मल्लाह समेत 16 जातियों को एससी में शामिल करने की मांग की गई। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कहा कि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह वृहद स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार बिंद के नेतृत्व में मंगलवार को दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। लंबे समय से आरक्षण न मिलने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। डीएम को सौंपे पत्रक में कहा कि केवट, बिंद, निषाद, कश्यप, कहार, मल्लाह, धीवर, गौड़, बाथम, लोहार, पाल, माली, भूंज, लोधी, राजभर, प्रजापति, चौहान समेत 16 जातियां अति पिछड़े वर्ग में आने वाली हैं। यह जातियां सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, शैक्षणिक स्तर पर गरीब हैं। सरकारों की ओर से इन पर ध्यान नहीं दिया गया। ओबीसी के आरक्षण का लाभ कुछ गिनी हुई जातियां उठा पाती हैं। ऐसे कमजोर वर्ग को उठाने के लिए एससी में शामिल किया जाए। एससी का कोटा 22 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी करने की मांग की गई। सरकार से मांग किया कि संसद सत्र में इस आरक्षण को पूरा करने का बिल पारित किया जाए। सरकार के इस फैसले से दबे, कुचले वर्ग को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। प्रदर्शन करने वालों में संतोष, रामजियावन, राजेश, राकेश समेत कई लोग रहे।