ज्ञानपुर (भदोही)।
करीब चार महीने इंतजार के बाद आखिरकार शासन ने 53 हजार वृद्धा एवं विधवा पेंशनरों के खाते में सात करोड़ 16 लाख की पेंशन भेज दी। इसमें 33 हजार वृद्धा तो करीब 21 हजार विधवा पेंशनरों को लाभान्वित किया गया। मार्च के बाद से ही लाभार्थी सरकारी इमदाद का इंतजार कर रहे थे। पेंशन की राशि आने के बाद उनके चेहरों पर खुशी की चमक दिखने लगी है।
60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों और पति की मौत के बाद विधवाओं को सम्मान से जीने के लिए भारत सरकार हर महीने प्रोत्साहन स्वरूप पेंशन देती है। इसमें वृद्धा पेंशनरों को 400 और विधवाओं को 500 रुपए दिया जाता है। हर तीन महीने में लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि भेजी जाती है। नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के बाद अप्रैल से ही लाभार्थी पेंशन का इंतजार कर रहे थे। जो पेंशन पूर्व के वर्षों में जून महीने में ही मिलती थी वह इस बार एक माह विलंब से अगस्त में खाते में भेजा गया। जिले में 33 हजार 334 वृद्धा पेंशन के लाभार्थियों को करीब चार करोड़ और विधवा पेंशन की 21 हजार लाभार्थियों के खाते में तीन करोड़ 16 लाख भेजा गया। वृद्धा पेंशन के एक लाभार्थी को तीन माह के हिसाब से 1200 जबकि विधवा पेंशनर को 1500 दिया गया। पेंशन का पैसा आने के बाद लाभार्थी गदगद हो गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि पखवारे भर पूर्व पेंशन की राशि भेजी गई है जो उनके खाते में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि अब सब कुछ ऑनलाइन हो चुका है, ऐसे में समय से सभी कार्य पूर्ण हो जाते हैं।