औराई/जंगीगंज। छठवें चरण में भदोही लोकसभा सीट पर 12 मई रविवार को संपन्न होने वाले महासमर की तैयारियों की पोल शनिवार को उस समय खुल गई, जब मतदान पार्टियां संबंधित बूथों पर पहुंचने लगीं। विधानसभा क्षेत्र औराई रहा हो या फिर डीघ, भदोही हर जगह बिजली-पानी, पहुंच मार्ग, ताला-चाबी को लेकर कर्मी परेशान रहे। हाईवे से जुड़े बूथों की हालत नाजुक रहने से जिम्मेदारों को अधिकारियों की फटकार सुननी पड़ी। जबकि लेखपाल और ग्राम प्रधान व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए देर रात तक अधीनस्थों के साथ डटे रहे।
मतदाताओं और मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए पहले से ही राजस्व विभाग और संबंधित ग्राम प्रधानों को सभी तरह की व्यवस्थाएं पूर्ण कराकर जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया था। तटवर्ती क्षेत्र से लेकर राजमार्ग से लगायत पूर्वी और पश्चिमी छोर के बूथों तक बिजली का कनेक्शन, पानी के साथ ही सड़क की खराबी और शौचालयों की कमी से मतदान कर्मी परेशान हो गए। पोलिंग पार्टियों के पहुंचने तक राजस्व कर्मी पसीना बहाते रहे। औराई क्षेत्र के घोसिया प्राथमिक विद्यालय बूथ पर मतदान कार्मिकों के पहुंचने पर न तो कोई चाबी देने वाला मिला और न ही कुछ बताने वाला। मुख्य द्वार के सामने और खोदाई कर छोड़ी गई जमीन से मुश्किलें और बढ़ गईं। एसडीएम औराई अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर एनएचएआई ने जेसीबी मशीन से समतलीकरण कराया। कई मतदान केंद्रों पर अब तक मतदाताओं के पहुंचने के लिए समुचित रास्ता नहीं है। इसी तरह डीघ क्षेत्र के माडल बूथों से लेकर कई संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अपराह्न तक बिजली की व्यवस्था न हो पाने से कार्मिकों परेशानी का सामना करना पड़ा। दरवांसी समेत कई बूथों पर ग्राम प्रधानों ने स्वयं मौजूद रह कर कनेक्शन जोड़वाने की भागदौड़ करते रहे।