ज्ञानपुर। भाजपा की विजय संकल्प सभा से चुनावी प्रचार का शंखनाद करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी का जिक्र करना भी नहीं भूलीं। मंच पर हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए ईरानी ने कहा कि यह गूंज देश का गौरव बढ़ाने वाले भदोही से अमेठी तक पहुंचेगी और हर जगह कमल खिलेगा।
मंच से जनता को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने अमेठी से जुड़ी कहानी सुनाई। कहा कि एक अनूठा वाकया आप लोगों को सुनाती हूं। 2014 के चुनाव में मैं अमेठी में भाजपा चुनाव कार्यालय से निकल रही थी, तो उसी समय बाहर पोते के साथ खड़े एक बुजुर्ग दिखे। मैंने उनसे पूछा कि क्या चाहिए दादा, क्यों खड़े हो? तो उन्होंने कहा कि अपने पोते को कमल का फूल दिखाने आया हूं। आगे जोड़ते हुए उस बुजुर्ग ने कहा कि जब हम छोटे थे तो नेहरू जी अपने भाषण में कहते थे कि ऊंचाहार से अमेठी तक ट्रेन जरूर आएगी। फिर बड़ा हुआ और शादी हुई और पत्नी को लेकर भाषण सुनने गया तो उस समय इंदिरा जी कहती थीं कि ऊंचाहार से अमेठी ट्रेन जरूर आएगी। उसके बाद बेटे को लेकर राजीव जी का भाषण सुनने गया तो उन्होंने भी वही बात दोहराई, लेकिन ट्रेन नहीं चली। अब अपने पोते को लेकर राहुल जी का भाषण सुनकर आ रहा हूं। वह भी वही बात बोल रहे थे...। इस पर भीड़ में ठहाका लगा। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार से अमेठी ट्रेन तभी चली जब मोदी-योगी की सरकार आई।