ऊंज। थानाक्षेत्र की पश्चिमी सीमा पर वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार देर रात उस समय अफरातफरी और चीखपुकार मच गई, जब इलाहाबाद से वाराणसी की ओर जा रही कार में अचानक शार्टसर्किट होने से आग लग गई। कार में सवार लोगों ने कूदकर जान बचाई।
पुलिस के मुताबिक देर रात करीब 11 बजे इलाहाबाद की ओर से शिवाजी सिंह, अभय कुमार और संतोष कार पर सवार होकर वाराणसी की ओर जा रहे थे। पश्चिमी सीमा के पास लगे एनएचएआई प्लांट के पास पहुंचते ही कार में आग लग गई। जान बचाते हुए कार चला रहे अभयतसिंह ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जल रही कार को बुझाने में सफलता पाई। इसके बाद सवारों को गतंव्य के लिए रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस तरह से कार में भीषण आग लगी थी, संयोग था कि बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
डेंजर जोन साबित हो रहा इलाका
ऊंज। बुधवार की रात कार में लगी आग की घटना ने भले ही खलबली मचा दी हो, लेकिन प्लांट के आसपास का इलाका दुर्घटनाओं के लिहाज से डेंजर जोन बनता जा रहा है। पहले भी इस क्षेत्र में गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इलाहाबाद सीमा को जोड़ रहे डेढ़ किमी की दूरी वाहन सवारों के लिए जानलेवा साबित होती आ रही है।