गोपीगंज। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को प्रभारी सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। परिसर में फैली गंदगी और लेबर रूम में आक्सीजन सिलेंडर न होने से उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए खामियों को जल्द ठीक करने का निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
किसी न किसी समस्या को लेकर अकसर सुर्खियों में रहने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इससे स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। परिसर समेत दवा काउंटर पर फैली गंदगी और लेबर रूम में आक्सीजन सिलेंडर न होने से उनका पारा चढ़ गया। जिसपर उन्होंने साफ सफाई के साथ आक्सीजन सिलेंडर लगाने का निर्देश दिया। फाइलों की रखरखाव पर नाराजगी जताते हुए उसे सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने की हिदायत दी। इस दौरान कूड़ा निस्तारण का समुचित प्रबंध न होने पर समस्या का जल्द समाधान करने का निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि अगली बार निरीक्षण में उक्त खामियां मिलीं तो जिम्मेदारों की खैर नहीं। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों में अफरातफरी का माहौल रहा। इसके बाद रामकापुर उप स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम के पति की सड़क हादसे हुई मौत पर सीएचसी परिसर स्थित आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर सीएमएस डॉ. आशुतोष पांडेय और डॉ. रोहित सिंह भी मौजूद रहे।