भदोही। गत दिनों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में आयोजित महिला विधिक अधिकार ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देश पर बालिकाओं को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। बराबर अंक मिलने से चार प्रतिभागियों मुरली मनोहर (बीए-प्रथम), रोमा दूबे (बीए-तृतीय),सैलेश उपाध्याय (बीएससी-द्वितीय) और सुरेश कुमार (बीएससी-द्वितीय) को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि भदोही तहसील बार के अध्यक्ष सुर्य प्रसाद द्विवेदी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मुख्य अतिथि ने विजेताओं को चेक प्रदान करते हुए कहा कि बीते कुछ वर्षों में अधिकारों के प्रति हर आदमी जागरूक हुआ है। महिलाएं भी हर क्षेत्र में आगे आई हैं। कोई भी व्यक्ति हो उसे विधिक अधिकारों का ज्ञान होना जरूरी हो गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशन में उक्त जागरूकता कार्यक्रम करना आज की आवश्यकता बन चुकी है। इसका लाभ युवाओं को उठाना चाहिए। एक महिला अपने अधिकार जानेगी तो निश्चित रूप से उसकी गोद में पलने वाला बच्चा भी जागरूक होगा। प्राचार्य सत्येंद्र प्रसाद ने भी संबोधित किया। डॉ. माया यादव ने बताया कि वारिसा तबस्सुम (बीएससी-प्रथम) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि साजिदा बानो (बीएससी-प्रथम), आंकाक्षा मौर्य (बीए-द्वितीय), वर्षा त्रिपाठी (बीएससी - तृतीय), श्यामा नाज (बीएससी-प्रथम), खुशबू उपाध्याय को तृतीय पुरस्कार दिया गया। संचालन रेनू तिवारी ने किया। डॉ. भावना सिंह, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. रुस्तम अली, डॉ. गौतम गुप्ता, डॉ. राजकुमार, डॉ. आलोक आदि उपस्थित रहे।