औराई। नेता और संत राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, परत-दर-परत चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि बाबा युवाओं का ब्रेनवाश करता था, जिससे चंद दिनों में युवा बाबा की बोली बोलने लगते थे। मंगलवार को जांच के दौरान कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गईं। नटवां गांव में सरकारी जमीन पर मंगलवार को कब्जा हटाने के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके से लकडी़ काटने की आरा, बिना नंबर प्लेट की बाइक, साइकिल, लाउडस्पीकर, कई प्रकार की नशीली दवाएं, भारत सरकार लिखा झंडा समेत अन्य सामान मिले। आश्रम में नशीली दवाओं का क्या काम था, यह सवाल लोगों में कौंध रहा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया है कि कथित संत युवाओं का इस तरीके से ब्रेनवाश करता था कि कुछ दिनों में वह भी उसी की भाषा बोलने लगते थे। सीओ औराई पवन कुमार ने कहा कि कथित संत का पूरा चिट्ठा खोला जा रहा है।