सुरियावां। वाराणसी-लखनऊ रेलखंड पर मंगलवार की शाम जिले के दुर्गागंज थाने के सरायकंसराय गांव में इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। हादसे के शिकार व्यक्ति के कम सुनाई देने की बात सामने आई। दुर्गागंज थाने के गौरा गांव निवासी राकेश गौतम (48) मजदूरी करता था। वह मंगलवार की सुबह कहीं काम करने आया था। शाम को काम ख़त्म होने के बाद घर लौट रहा था। अभिया-दुर्गागंज मार्ग से सरायकंसराय गांव में बने मानव रहित क्रॉसिंग को वह पार कर रहा था। उसी समय वाराणसी से लखनऊ की तरफ़ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से जहां उसका शरीर दो भागों में बंट गया वहीँ साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहां मौजूद लोग ट्रेन आती देख शोर मचाने लगे, लेकिन वह सुन नहीं पाया। घटना की सूचना दुर्गागंज पुलिस और घर वालों को दी गई है। यहां बने समपार पर गेटमैन की नियुक्ति न होने से कई घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन रेलवे प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीँ दे रहा है।