गोपीगंज। साप्ताहिक बंदी का अनुपालन नहीं करना कपड़ा व्यवसायी को भारी पड़ गया। मंगलवार को दुकान खोलने पर धमके व्यापारी नेताओं ने बाहर से शटर बंद कर दिया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची श्रम विभाग की टीम ने बंदी के दिन दुकान खोलने वाले दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। नगर के राजमार्ग पर स्थित प्रमुख कपड़ा व्यवसायी की दुकान बंदी के दिन भी खुल रही थी। इसके चलते अन्य दुकानदार भी दुकान खोलने लगे थे। साप्ताहिक बंदी व्यवस्था बाधित होने से नाराज व्यापारी नेता मंगलवार को पहुंच कर दुकान का शटर बंद कर दिए और श्रम विभाग को सूचना दे दी। दुकान घेर कर खड़े व्यापारी नेता श्रम विभाग की ओर से कार्रवाई के आश्वासन पर ही हटे। व्यापारी नेता अभिनव पांडेय ने बताया की बार-बार अनुरोध करने पर भी साप्ताहिक बंदी के दिन दुकान बंद न कर व्यवस्था को बाधित किया जा रहा था। मजबूरन सख्त रुख अपनाना पड़ा। दुकान बंद करने वालों में अजय कुमार उमर वैश्य, नंदलाल उमर वैश्य, शमशेर अली, हाफिज समेत बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल थे।