लालानगर (भदोही)। सावन जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, शिवभक्ति का जोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जीटी रोड कांवरियों की भारी भीड़ के कारण केसरिया रंग में रंगा नजर आया। इलाहाबाद से जुड़े जिले की ऊंज सीमा से लेकर वाराणसी से लगी बाबूसराय सीमा तक कांवरियों का रेला बाबा धाम की ओर से कूच करता दिखाई दे रहा था।
बोल बम के नारे के साथ अड़भंगी के भक्त शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे। इलाहाबाद-वाराणसी हाईवे के सुरक्षित लेन पर क्या युवा, क्या महिलाएं और क्या बच्चे... कांवरियों का एक के बाद एक जत्था निकलता जा रहा था। 21 जुलाई को तेरस होने के कारण देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक के लिए कांवरियों और शिवभक्तों में होड़ मच गई थी। जीटी रोड पर कांवरियों की भीड़ को देखकर लग रहा था, मानो हर रास्ते बाबा धाम की ओर ही जा रहे हों। तेरस पर शिव आराधना का खास संयोग बनने के कारण शिवभक्तों की भीड़ बढ़ गई थी। माना जा रहा था कि बुधवार को भी जीटी रोड पर यह भीड़ रहेगी। कांवरियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षाकर्मी भी सजग नजर आए। पुलिस के अधिकारी और जवान जगह-जगह ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। मोबाइल टीम हाईवे पर चक्रमण करती नजर आई। गौरतलब है कि कानपुर से लेकर फतेहपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ आदि जिलों के कांवरिया जीटी रोड होते हुए भोलेनाथ का जलाभिषेक करने वाराणसी जाते हैं।