ज्ञानपुर। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी और एसपी से मुलाकात की। इस दौरान पत्रक देकर गोपीगंज में साप्ताहिक बंदी का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही नो इंट्री में वाहनों के प्रवेश पर सख्ती करने की गुहार भी लगाई गई। संगठन के गोपीगंज नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल की अगुवाई में जिला मुख्यालय पहुंचे व्यापारियों ने जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद से मुलाकात कर कहा कि गोपीगंज नगर में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। लेकिन, कुछ बड़े व्यवसायी इसका पालन नहीं करते और वे बंदी के दिन भी अपने प्रतिष्ठान खुले रखते हैं। उनकी देखादेखी अन्य व्यापारी भी अपनी दुकानें खोल देते हैं। इसकी शिकायत श्रम विभाग में कई बार की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद व्यापारियों ने पुलिस कप्तान राजेश एस से मुलाकात कर कहा कि गोपीगंज नगर में नो इंट्री में बड़े वाहनों के प्रवेश के कारण जाम की समस्या गंभीर हो गई है। कहा कि खड़हट्टी मोहाल और अंजही मोहाल नगर के व्यस्ततम इलाके हैं। यहां बड़े वाहनों की आवाजाही से लगभग हर रोज जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां नो इंट्री लगाई जाए। इस मौके पर रमाकांत गुप्ता, दिनेश कुमार, सिराज अख्तर, गुड्डू चौधरी, अनिल यादव, मुकुंद लाल दामोदर, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।