खमरिया। नगर पंचायत के वार्ड पांच में साफ-सफाई नहीं होने से नाराज नागरिकों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों की लापरवाही से वार्ड में गंदगी फैली है। इससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। नागरिकों ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से वार्ड में सफाई नहीं की गई, जिससे जगह-जगह गंदगी का अंबार लग गया है। सराफा मार्केट, इलेक्ट्रानिक मार्केट में दूषित पानी फैलने से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। नागरिकों ने कहा कि स्वच्छता के लिए सरकार जहां गंभीर है वहीं नगर पंचायत उदासीन बना है। दुर्गंधयुक्त पानी के बहाव से न तो दुकानदार अपनी दुकानदारी कर पा रहे हैं और न ही वार्ड के वासी। इससे तरह-तरह के संक्रामक रोग फैलने के आसार बढ़ गए हैं। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र जायसवाल, कन्हैया गुप्ता, अमित बरनवाल, कमलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।