जंगीगंज। सेमराध स्थित गंगा घाट पर चलने कल्पवास की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार सुबह से ही लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयारियों के साथ चकरप्लेट विछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं विद्युत विभाग और नगर पालिका समेत अन्य विभाग के अधिकारी अपनी देखरेख में मेला क्षेत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे। कल्पवासियों के सेमराध नाथ धाम पहुंचने का क्रम मकर संक्रांति से पूर्व ही शुरू हो जाएगा। सेमराध का माघ मेला प्रयाग, उज्जैन, हरिद्वार, नाशिक के बाद पांचवां स्थान है, जहां लोग अपना कल्पवास पूरा करते हैं। वर्तमान में 24वें वर्ष में दूसरे महाकुंभ का आयोजन होगा। यहां कल्पवास के लिए स्थानीय श्रद्वालुओं के साथ मिर्जापुर और अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में कल्पवासी समेत स्नानार्थी आते हैं, जो गंगा स्नान कर बाबा सेमराध के दर्शन पूजन के साथ कल्पवृक्ष, बंशीवट समेत दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, सीताराम मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर में पूजा परिक्रमा के साथ अपने कल्पवास को पूरा करते हैं।