गोपीगंज। व्यावसायिक नगरी गोपीगंज के आधा दर्जन मोहल्लों में पिछले सात दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे हाहाकार मच गया है। लोग पीने के पानी के लिए हैंडपंपों पर भीड़ लगाकर जूझते देखे जा रहे हैं। बताते हैं कि पाइप लाइन का चेकवॉल्व खराब होने के कारण पेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद से हालात बिगड़ते चले गए। गड़बड़ी को ठीक करवाने का कारगर प्रयास नहीं किया गया।
नलकूप विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते सातवें दिन भी लोगों को पेयजल की समस्या से छुटकारा नहीं मिला। नगर के पूरे गुलाब स्थित पानी की टंकी में मामूली खराबी के चलते पेयजल आपूर्ति बाधित है। इससे ज्ञानपुर रोड, नई बस्ती, फूलबाग, चुड़िहारी मोहाल समेत आधा दर्जन मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। पानी बंद होने से इन मोहल्लों की लगभग चार हजार आबादी में पानी के लिए मुश्किलें बढ़ गईं हैं। एक सप्ताह पूर्व नलकूप संख्या दो के पास स्थित पानी के टंकी की पाइप में लगा स्विच वॉल्व खराब हो गया था। इसके बाद पेयजल आपूूर्ति को ठप कर दिया गया। इससे लोगों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई। शिकायत के चौथे दिन नलकूप कर्मचारी पाइप को बनाने के लिए ले गए, लेकिन मंगलवार को सातवें दिन तक खराबी दूर नहीं हो सकी थी। इससे धीरे-धीरे लोगों में रोष पनपता जा रहा है। आपूर्ति चालू करने की मांग पर कर्मचारी टाल मटोल कर रहे हैं। कर्मचारियों की इस लापरवाही से लोग पानी के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर रहे। इलाके माबूद खां, मो. दिलदार, पिंटू कुरील, विष्णु आचारी, जय सेठ आदि ने कहा कि पानी की किल्लत गहरा रही है और जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं। सभासद नरेंद्र दुबे ने मंगलवार को अधिशासी अधिकारी से समस्या का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। कहा कि अगर तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं कराई गई तो वह सड़क पर उतरकर प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
स्विच वॉल्व खराब हो गया था। इससे डायरेक्ट सप्लाई रहोने लगी थी। टंकी भरी नहीं जा रही थी, इससे सभी वार्डों में पानी नहीं जा पा रहा था। जल्द ही गड़बड़ी ठीक कर पानी आपूर्ति बहाल की जाएगी।
अवधेश भारती, ईओ नपा गोपीगंज