ज्ञानपुर। जिले में बोर्ड परीक्षा में ढाई हजार कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। इसमें 1700 माध्यमिक और आठ सौ बेसिक के शिक्षक कक्ष निरीक्षक बनाए जाएंगे। 26 जनवरी के बाद से कक्ष निरीक्षकों की सूची विभाग तैयार करेगा। 18 से शुरू हो रही परीक्षा को पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार 40 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षक और 41 से 60 परीक्षार्थियों तक तीन कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए 94 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 54 हजार 371 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष कराने के लिए एक-एक कक्ष में छात्र संख्या के आधार पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती होगी। इसके लिए राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों की सूची मांगी गई है। माध्यमिक के 1700 शिक्षकों के साथ 800 बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर छात्र संख्या, कक्षों के आधार पर कक्ष निरीक्षकों का आवंटन होना है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि सभी स्कूलों के शिक्षकों का डाटा आनलाइन उपलब्ध है। 26 जनवरी के बाद कक्ष निरीक्षकों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।