भदोही। कपसेठी में पुलिया टूटने के कारण भदोही-जौनपुर मार्ग जाम की चपेट में आ गया। रविवार की रात से इंदिरा मिल चौराहे से जौनपुर सीमा तक जाम लगा जो सोमवार की शाम तक बरकरार रहा। पूरे दिन सड़क जाम होने से चिलचिलाती धूप और उमस में राहगीर बेेहाल हो गए। वाहनों को धौरहरा पुल से धीरे- धीरे पास कराया जा रहा था। वहीं, कछवा-बाबतपुर मार्ग के वाहन भदोही से होकर गुजर रहे हैं, जिससे यहां जाम की समस्या पैदा हुई।
रविवार को मतदान के चलते ट्रैफिक को पता नहीं चला क्योंकि वाहनों की आवाजाही पर रोक थी। शाम को जैसे ही मार्ग खुला तो कपसेठी की ओर से भारी वाहनों का भदोही आना शुरू हो गया। धौरहरा पुलिस चौकी प्रभारी मक्खन लाल ने बताया कि बाबतपुर जाने वाले वाहन भदोही से होकर जमालापुर होते हुए जा रहे हैं। मुश्किल यह है कि बाबतपुर से आने वाले वाहनों को भी इधर से डाइवर्ट कर दिया गया, जिससे दोनों ओर से वाहनों को रेला यहां पहुंच गया। उन्होंने बताया कि जौनपुर सीमा से लेकर इंदिरा मिल चौराहे तक वाहनों की लंबा कतार लगी हुई है। धौरहरा पुल संकुचित होने से वाहनों को धीरे धीरे पास कराया जा रहा है जिससे थोड़ी राहत मिली लेकिन जाम की समस्या खत्म नहीं पाई है। जाम में ट्रकों के अलावा हल्के वाहन, दुपहिया वाहनों को भारी दुश्वारी हुई। घंटो जाम में रहे लोगों को पता तक नहीं था कि जाम क्यों है। पुलिस ने बताया कि जब से कपसेठी पुलिया ठीक नहीं होगा तब तक जाम की समस्या बनी रहेगी। फिर भी किसी तरह से वाहनों को एक एक कर निकाला जा रहा है।