ज्ञानपुर/बाबूसराय। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को विविध आयोजन हुए। नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण के बाद कैंडल जुलूस निकालकर श्रद्धांजलि दी गई। औराई क्षेत्र के कुनबीपुर गांव में प्लान इंडिया की ओर से स्वच्छता मुहिम चलाकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के समीप स्थित नेहरू युवा केंद्र कार्यालय से युवाओं की ओर से कैंडल जुलूस निकाला गया। नगर भ्रमण करते हुए कैंडल जुलूस ज्ञान सरोवर पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान गांधी पार्क में युवाओं की ओर से भारत का मानचित्र बनाकर कैंडल उनकी प्रतिमा के समीप समर्पित की गई। इस दौरान युवाओं की टीम गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजाराम, पतित पावन सीताराम गाते हुए आगे बढ़ रही थी। मौके पर आशीष रावत, अजय यादव, दुर्गा, नीलू वर्मा, अंजू राय, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, अनीता, शिवम आदि शामिल रहे। बाबूसराय संवाददाता के अनुसार, कुनबीपुर में प्लान इंडिया और यूनिसेफ की ओर से स्वच्छता मिशन चलाया गया। सहायक पंचायत अधिकारी सुरेश तिवारी के नेतृत्व में दलित बस्ती में गांधी जी को श्रद्धांजलि देने के बाद साफ-सफाई किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हम उस देश में रहते हैं जहां मिट्टी को मां कहा जाता है। इसलिए हमारा नैतिक दायित्व है कि मां के प्रति सजग रहते हुए अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखें। इस मौके पर मनोज पांडेय, रामकृष्ण आदि शामिल रहे।