गोपीगंज। राजमार्ग से गोपपुर होते हुए मिर्जापुर रोड को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की दशा बदहाल हो गई है। इससे सड़क पर आवागमन मुश्किल हो गया है। गड्ढे में तब्दील हो चुकी सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग की मरम्मत नहीं कराई।
वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग को गोपपुर गांव होते हुए मिर्जापुर रोड से जोड़ने वाली दो किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत 20 वर्ष पूर्व की गई थी। लेकिन, उसके बाद इस सड़क की ओर किसी ने मुड़कर नहीं देखा। उपेक्षा के चलते मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क पर तारकोल का साथ छोड़ देने से गिट्टी बिखर गई है। संपर्क मार्ग होने से बड़ी संख्या मे वाहनों का आवागमन इस मार्ग पर होता है। हालत यह है कि दो पहिया वाहन चालक गड्ढे में फंस जाने से गिरकर घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलने वालों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। गड्ढों में पानी भरने से मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। गांव को ओबीटी कंपनी ने गोद लिया है। फिर भीगांव का रास्ता बेहद जर्जर है। जिलाधिकारी ने मार्ग की मरम्मत करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया था, लेकिन अधिकारी आज तक इस मार्ग मरम्मत नहीं करा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक हफ्ते के भीतर रोड की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होता है तो चक्काजाम किया जाएगा। समाजसेवी भूपेश बघेल ने कहा कि इस सड़क की मरम्मत किया जाना बहुत जरूरी है।