भदोही। अपर आयुक्त (प्रशासन) विंध्याचल मंडल सूर्यमणि लालचंद मंगलवार को भदोही तहसील के समाधान दिवस में पहुंचे। मातहतों से उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस को गंभीरता से लें। खानापूर्ति के लिए शासन इसका आयोजन नहीं करती। इससे फरियादियों में संतोष की झलक मिलनी चाहिए। कहा कि लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई होगी।
तहसील सभागार में दोपहर अपर जिलाधिकारी रामसिंह व अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय कुमार लोगों की फरियाद सुन रहे थे। दोपहर 1.30 बजे अचानक जब अपर आयुक्त पहुंचे तो मातहतों में खलबली मच गई। अपर आयुक्त ने भी कई फरियादियों की बात सुनीं। कहा कि ध्यान रहे मामले लंबित न रहें। जिसे जो जिम्मेदारी दी जाए उसे समय से पूरा करे। यही शासन की सोच है। कहा कि कुछ अधिकारी कागजी खानापूर्ति करते हैं ऐसे लोगों को आगाह किया जाता है कि निस्तारण ऐसा करें कि फरियादी को संतोष हो। तहसीलदार राम जी ने बताया कि दिवस पर कुल 78 मामले दर्ज किए गए। जिनमे से 4 का निस्तारण हो सका। 38 राजस्व, 18 पुलिस विभाग, सात पूर्ति विभाग, चार ब्लॉक के, दो विद्युत विभाग, तीन पालिका के, एक शिक्षा विभाग संबंधी मामले आए। एसडीएम यमुनाधर चौहान, सीओ अभिषेक पांडेय, नायब तहसीलदार स्वामीनाथ सिंह ने सुनवाई की।