ज्ञानपुर (भदोही)।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश दिया। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को तीन जोन और 24 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी अफसरों से कहा कि जिन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, वह ईमानदारी से उसका पालन करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी विशाख जी ने गणेश मूर्ति विसर्जन, बकरीद जैसे पर्व को सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि पर्व को शांतिपूर्वक मनाने के लिए जिले को तीन जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया है। डीएसओ संजय कुमार पांडेय, पीडी राघवेंद्र नाथ सिंह और डीडीओ जयकेश त्रिपाठी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। तीनों एसडीएम और क्षेत्राधिकारी अपने-अपने इलाकों में नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी छोटी से छोटी घटना का निराकरण कराते हुए सूचना उपलब्ध कराएं। संवेदनशील और विवादित स्थलों पर नजर रखने की जरूरत है। सभी चिकित्सक त्योहार पर प्रत्येक दशा में अपने तैनाती स्थलों पर रहे। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बिजली को निर्देश दिया कि त्योहारों पर बेहतर बिजली आपूर्ति की जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देश दिया कि भदोही के विवेकानंद, नईबाजार, रजपुरा के सड़कों को त्योहार के पहले ठीक करा दें। पुलिस अधीक्षक सचींद्र पटेल ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन और बकरीद पर अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल है। इस मौके पर एडीएम हरिलाल यादव, बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।