ज्ञानपुर (भदोही)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को अपनी 16 सूत्री मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि हमारी सभी मांगें जायज हैं, इन्हें शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
शिक्षकों ने कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को भी पेंशन दी जाए। मृतक आश्रितों को सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्त किया जाए, एक जनवरी 2016 और उसके बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को पेंशन देने के लिए शासनादेश निर्गत किया जाए, राज्य कर्मचारियों की तरह शिक्षकों को भी नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। गृह जनपद में स्थानांतरण के लिए पांच वर्ष की सीमा को घटाकर एक वर्ष किया जाए, जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों का ब्लाक स्थानांतरण किया जाए। इससे शिक्षकों का शोषण रुक सके। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक हमारी लड़ाई जनपद से लेकर प्रदेश तक जारी रहेगी। जिला मंत्री घनश्याम यादव ने कहा कि मांगें पूरी होने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। बुधवार को धरने में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। धरना-प्रदर्शन में समरजीत यादव, मनोज कुमार उपाध्याय, केके मौर्या, श्रीकांत मौर्य, अरुण पांडेय, दिनेश मौर्य, सुभाष पाल, सूबेदार यादव, केएन यादव, मुश्ताक अहमद आदि मौजूद रहे।