ज्ञानपुर (भदोही)। समायोजन रद होने के बाद बिफरे शिक्षामित्रों ने बृहस्पवितार को फिर प्रदर्शन किया। विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर ताला जड़ने के बाद शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए समायोजन रद्द होने के बाद राज्य सरकार से शिक्षामित्रों के हित में कदम उठाने की मांग की।
शिक्षामित्रों का समायोजन रद होने के बाद जिले के आठ सौ से अधिक शिक्षामित्रों की नौकरी लटक गई है। शिक्षामित्रों का जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गई। वे अब प्रदेश सरकार पर शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाए रखने के लिए दबाव बनाने लगे हैं। बृहस्पतिवार को शिक्षामित्रों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर तालाबंदी की। इसके बाद प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर ताला खुलवाया। इसके बाद कामकाज शुरू हुआ। शिक्षामित्रों का दल विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वाराणसी भी गया। उधर एहतियात के तौर पर बीएसए कार्यालय पर पूरे दिन पुलिस की तैनाती की गई थी। इस मौके पर श्याम जी दुबे, प्रमोद पाठक, ओम दुबे, दीपेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से कोर्ट में विचाराधीन चल रहे शिक्षामित्रों के मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा फैसला आया। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए शिक्षामित्रों के समायोजन को रद कर दिया था।