भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने कहा है कि भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में कारपेट एक्सपो आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि वे 26 जून को कालीन उद्योग से जुड़े लोगों के साथ मार्ट का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद मुख्यमंत्री से मिल कर कालीन उद्यमियों की मंशा से अवगत कराने के बाद इसकी विधिवत घोषणा करेंगे।
चेयरमैन ने कहा कि भदोही में कारपेट एक्सपो आयोजन से इस परिक्षेत्र का गौरव बढ़ेगा। मझोले और लघु उद्यमियों को भी अवसर मिलेगा, लेकिन इसके साथ ही हमें यह देखना है कि देश विदेश से यहां आने वाले उद्यमियों और आयातकों को उच्च स्तरीय व्यवस्था दे पाएं। जो प्रदेश सरकार के सहयोग के बिना संभव नहीं है। बताया कि 26 जून को वे अपने परिषद के प्रशासनिक सदस्यों, एकमा सदस्यों और अन्य लोगों के साथ मार्ट देखेंगे। वहीं पर समस्या समाधान पर चर्चा करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय लेने से पूर्व वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिल कर उन्हें कालीन उद्यमियों की मंशा से अवगत कराते हुए आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग करेंगे। चेयरमैन ने कहा कि वर्तमान में वाराणसी-बाबतपुर मार्ग, वाराणसी-भदोही मार्ग पर जाम की समस्या से निजात पाना जरूरी है, जिसके लिए वाराणसी और भदोही के जिला प्रशासन से सहयोग की दरकार होगी।
भदोही । एकमा आगामी 26 जून को सुबह 10 बजे कालीन भवन में सीईपीसी चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह का अभिनंदन करेगी। इसकी जानकारी देते हुए एकमा के मानद सचिव शाहिद हुसैन अंसारी ने बताया कि इस मौके पर उन्हें कालीन उद्योग की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने उद्यमियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।