ज्ञानपुर। बालश्रम रोकने की मुहिम श्रम विभाग ने तेज कर दी है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इससे दुकान एवं प्रतिष्ठान संचालकों में खलबली मच गई। कुछ प्रतिष्ठानों में 15 वर्ष से कम उम्र क बच्चे काम करते मिले। सभी को चेतावनी देकर छोड़ा गया। ज्ञानपुर रोड समेत अन्य स्टेशनों पर बालश्रम रोकने के लिए जीआरपी, आरपीएफ के आला अधिकारियों के साथ डीएम-एसपी को पत्र लिखा गया।
शासन और प्रशासन की सख्ती के बाद भी बालश्रम पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिले के ढाबा, होटल, गैराज, बड़ी दुकानों पर 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम लिया जा रहा है। प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद भी इस पर रोकथाम नहीं लग पा रही है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशिकांत सरोज और राम निवास ने भदोही के रजपुरा, मर्यादपट्टी, इंदिरा मिल, नेशनल तिराहा, गोपीगंज के कई स्थानों पर छापेमारी की। इससे प्रतिष्ठान संचालकों में खलबली मच गई। कई दुकानों पर 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे काम करते मिले। विभागीय अधिकारियों ने बच्चों के अभिभावकों को बुला कर उन्हें और प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी दी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सरोज ने कहा कि ज्ञानपुर रोड समेत विभिन्न स्टेशनों पर बालश्रम रोकने के लिए रेलवे पुलिस के आला अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि डीएम की तरफ से बालश्रम रोकने के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं। इसमें तीनों तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार जबकि छह ब्लॉक में बीडीओ, एडीओ पंचायत और बीईओ नामित हैं। नगरीय इलाकों में श्रम विभाग की टीमें निरीक्षण करेंगी। इस मौके पर इंद्रजीत त्रिपाठी आदि रहे।