भदोही/ज्ञानपुर/औराई। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त आनंद कुमार सिंह और डीआईजी पियूष कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को भदोही और औराई तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारीद्वय ने डीएम/एसपी से कहा कि चेतावनी के बाद भी न सुधरने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई में कोताही न बरतें। अधिकारियों ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन गंभीरता से हो। राजस्व कर्मियों समेत पुलिस कर्मियों को विवाद के मौकों पर भेज कर वादों का निपटारा कराएं। तीनों तहसीलों में आए 287 प्रार्थना पत्रों में 16 का निस्तारण हुआ जबकि 271 लंबित रह गए। औराई में कमिश्नर के निर्देश पर एसडीओ बिजली और लोक निर्माण का वेतन रोका गया।
मंगलवार को भिखारीरामपुर कोटे से संबंधित परेशानी लेकर पहुंचे रामदत्त मिश्रा के प्रार्थना पत्र पर मंडलायुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव जाकर राशन वितरण की व्यवस्था का निरीक्षण करें और अपनी रिपोर्ट दें। यह भी कहा कि यदि इस तरह की शिकायतें दोबारा आईं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महुआपुर, सूरियावां की अनारकली पत्नी हीरालाल मौर्य के प्रार्थना पत्र पर मंडलायुक्त ने एसडीएम व कानूनगो को मौका मुआयना कर अतिशीघ्र भूमि आवंटन कराकर प्रधानमंत्री आवास निर्माण कराने का निर्देश दिया। नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों से साफ सफाई और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश उन्होंने दिए।