चौरी। भदोही-बाबतपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम से लगा जाम तकरीबन 20 घंटे बाद शनिवार का दोपहर बाद यातायात बढ़ना शुरू हुआ। इससे वाहनों में बैठे यात्री से लेकर वाहन चालक झेल गए। भदोही में सीवर पाइपलाइन बिछाने से करीब 10 से 12 किमी लंबा जाम लग गया। इंदिरा मिल से लेकर कंधिया फाटक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति यह रही कि रात भर रेंग-रेंगकर वाहन गुजरे।
शुक्रवार को भदोही नगर में सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गड्ढों के कारण जाम लग गया। स्थिति यह हो गई कि इंदिरा मिल चौराहा से लेकर कंधिया फाटक तक वाहनों के पहिए थम गए। शुक्रवार शाम से लगा जाम शनिवार को दोपहर बाद बहाल हो सका। इस दौरान चौरी बाजार में छूटी सड़क भी जाम में कोढ़ का खाज बन गई। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी राहगीर जाम की झाम से जूझते रहे। जाम से शनिवार को सुबह से लेकर दोपहर तक यात्री से लेकर रागहीर गर्मी से तर बतर हो गए। प्यास से तड़पते राहगीर मनमाना कीमतों में पानी के बोतलों को खरीदने को विवश दिखे। बताते चलें कि भदोही- बाबतपुर मार्ग पर बड़े वाहनों के चलने से पहले ही जाम की समस्या विकट हो चुकी है। आए दिन मार्ग पर जाम लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात विभाग से लेकर प्रशासन की ओर से जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस प्लान न होने से प्रतिदिन ऐसी समस्या से जूझना पड़ता है।