ज्ञानपुर। शासन-प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी राशन वितरण में गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। घटतौली और यूनिट के हिसाब से अनाज का वितरण न करना जिले के पांच कोटेदारों पर भारी पड़ गया। विभाग की ओर से गंगापुर के कोटेदार पर मुकदमा दर्ज कराया गया जबकि चार पर पांच-पांच हजार का जुर्माना लगाया।
केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार की ओर से तमाम प्रयास किया जा रहा है लेकिन कोटेदार कोई न कोई रास्ता निकाल ले रहे हैं। कोटे की दुकानों पर आधुनिक मशीनें लगने के बाद भी घटतौली से लेकर अन्य गड़बड़ी थम नहीं रही है। डीएसओ अमित कुमार ने गत दिनों औराई ब्लॉक के चकनिरंजन, उपरोैठ, भरतपुर और ज्ञानपुर ब्लॉक के कठौता गांव में कोटे की दुकानों का निरीक्षण किया था। जिसमें चारो कोटे की दुकानों पर राशन वितरण में अनियमितता पाई गई। कई ऐसे लोगों के राशन का उठान किया जा रहा था जो गांव में थे ही नहीं। जांच में यूनिट के हिसाब से धांधली करने पर चारो कोटेदारों पर पांच-पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। इसी तरह भदोही ब्लॉक के गंगापुर गांव में शिकायत की गई थी कि कोटेदार की ओर से अधिक दाम लिया जा रहा है। इसके अलावा घटतौली का भी आरोप लगा। डीएसओ के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने जांच की तो मामला सही मिला। विवेक कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर कोटेदार अनिल कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसी तरह दुर्गागंज नगर से सटे एक पेट्रोल टंकी की शिकायत पर पूर्ति विभाग की संस्तुति पर डीएम ने जांच टीम गठित कर दिया। इसमें पूर्ति विभाग, बाट-माप विभाग, एक मजिस्ट्रेट और सेल्स अधिकारी की टीम गठित की गई है। डीएसओ अमित कुमार ने कहा कि राशन वितरण में किसी भी स्तर पर धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कोटेदार शासन के मंशानुसार ही अनाज का वितरण कराएं।