ज्ञानपुर। जिले के नगरीय इलाकों में विशेष अभियान चला कर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, गोवंश संरक्षण, अतिक्रमण, ओडीएफ आदि समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। शासन की सख्ती के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। विंध्याचल मंडल के आयुक्त आनंद कुमार सिंह ने जिला प्रशासन को इस आशय का निर्देश जारी किया है।
भदोही जिले में भदोही, गोपीगंज दो नगर पालिकाएं और सात नगर पंचायतें शामिल हैं। मंगलवार को मंडल स्तर पर आयोजित उच्चाधिकारियों की बैठक में नगर निकायों को साफ-सफाई और अन्य समस्याओं के मोर्चे पर व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में 12 जून से 19 जून तक विशेष अभियान चला कर नगर क्षेत्रों को व्यवस्थित करने का निर्देश जारी किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान न केवल नालियों और मार्गों की सफाई कराई जाए, बल्कि कूड़े का भी समुचित निस्तारण होना चाहिए। सफाई को लेकर व्यवसायियों और ठेले-खोंमचे वालों को भी जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश से पूर्व सभी नालों की समुचित सफाई कर ली जाए। सफाई के तुरंत बाद नालों से निकलने वाले सिल्ट को हटवा लिया जाना चाहिए। नगर निकायों में प्रकाश मार्ग की खराब व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कमिश्नर ने कहा कि प्रकाश के लिए निर्धारित सभी पोलों पर एलईडी बल्ब अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, साथ ही बल्ब को रात्रि में जलाने एवं दिन में बुझाने के इंतजाम भी किए जाने चाहिए। कहा कि नगर क्षेत्र में जहां पेयजल की किल्लत है, वहां टैंकर से पानी की आपूर्ति की जाए। मंडलायुक्त ने प्रतिबंधित पॉलीथिन के उत्पादक एवं होलसेलर पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि अगर किसी पालिका या पंचायत क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। कहा कि नगर क्षेत्र में छुट्टे घूमने वाले पशुओं के स्वामियों पर जुर्माना लगाएं। निराश्रित पशुओं को आश्रय स्थल भेजा जाए। कमिश्नर ने कहा जिन नगर निकायों को अब तक ओडीएफ घोषित नहीं किया गया है, वहां अभियान चला कर 30 जून तक हर हाल में उसे ओडीएफ घोषित कराएं। कहा कि पौधरोपण जुलाई में होना है। उससे पहले मिट्टी से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। ताकि 11 जून को होने वाली समीक्षा बैठक में पूरी तैयारी की समीक्षा हो सके।