गोपीगंज। थाना क्षेत्र के भवानीपुर घाट पर मंगलवार को गंगा में नहाते समय चार बच्चे डूबने लगे। आसपास के लोगों ने तीन बच्चों को बचा लिया लेकिन एक की डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सत्यप्रकाश पड़ोसी के परिवार के साथ मनौती पूरा करने के लिए गंगा घाट पर गया था।
भवानीपुर गांव निवासी बुद्धिराम गौतम के पड़ोसी लहुरी गौतम का पूरा परिवार मनौती पूरा करने के लिए गंगा घाट पर गया था। इस दौरान गंगा को आर-पार की माला चढ़ाने के लिए नाव पर सवार होकर गंगा के दूसरे छोर पर जाने लगे। इस बीच सत्य प्रकाश के साथ तीन और बच्चे नहाने के लिए गंगा में कूद गए। देखते ही देखते चारों गहरे पानी डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने किसी तरह तीन बच्चों को बचा लिया लेकिन सत्यप्रकाश (11) पुत्र रमेश गौतम का शव करीब दो घंटे के बाद पानी में उतराया मिला। बालक की मौत से पूरी बस्ती में शोक का माहौल रहा। बताया जाता है कि रमेश के दो पुत्र और एक पुत्री थी। सत्यप्रकाश दूसरे नंबर पर था। परिवार वालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।