औराई। घोसिया नगर पंचायत कार्यालय के ठीक सामने सोमवार को देर शाम उस समय लोगों में अफरातफरी मच गई, जब विभागीय लापरवाही के कारण ढाई सौ केवीए के ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड दल ने आपूर्ति ठप कराकर काफी मेहनत के बाद ही आग को बुझाने में सफलता पाई।
बताते चलें कि विद्युत विभाग नगर क्षेत्र में आपूर्ति के लिए उक्त ट्रांसफार्मर को लगवाया गया है। रखरखाव के अभाव में ट्रांसफार्मर के कल-पुर्जे ढीले हो जाने और आयल लीक करने से उक्त घटना घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें टपक रहे आयल को आगोश में लेते हुए इतनी तेज थीं कि यदि गरम होकर ट्रांसफार्मर फटता तो अप्रिय घटना से भी इनकार नहीं कि या जा सकता था। आग लगने के बाद आस-पास के लोग काफी दूर हो चुके थे। आरोप मढ़ा गया कि जब विभाग अपने ही संयंत्रों को दुरुस्त नहीं कर पा रहा है तो किसानों को कैसे राहत पहुंचा पाएगा। जर्जर हो चुके तारों, खंभों को लेकर भी आए दिन आवाज मुखर हो रही है।