सुरियावां। महजूदा बाजार में अवैध ढंग से संचालित मेडिकल स्टोर पर बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने छापा मारकर डेढ़ लाख की अवैध दवाएं जब्त कीं। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। कार्रवाई के डर से कई दवा दुकानदार शटर गिराकर खिसक लिए।
सुरियावां थाना क्षेत्र के पकरी खुर्द निवासी महेश गौड़ महजूदा बाजार में मेडिकल स्टोर की दुकान चलाता है। उन्हीं के पड़ोसी भोला पुत्र प्रेमचंद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर उक्त मेडिकल स्टोर के अवैध ढंग से संचालित करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। कहा कि वहां अवैध और नकली दवाएं भी बेची जा रही हैं। इससे लोगों को जान का खतरा बना रहता है। आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर संचालक लोगों को बेवकूफ बनाकर प्रैक्टिस भी करता है। इस पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने ड्रग इंस्पेक्टर अमित कुमार बंसल को जांच के लिए भेजा। बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने महजूदा बाजार स्थित उक्त दुकान में छापा मारा इंस्पेक्टर को देखते ही दुकानदार फरार हो गया। केवल एक लड़का मिला। उससे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं दिखा पाया। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर ने दुकान में रखी लगभग डेढ़ लाख की दवाएं कब्जे में लेकर थाने पहुंच गए। ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार इसमें से कुछ दवाएं नकली होने से इनकार नहीं किया जा सकता। इस मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर के छापे से सुरियावां बाजार में भी मेडिकल स्टोर संचालकों में खलबली मची रही।