गोपीगंज। प्रयागराज में आयोजित कुंभ में मौनी अमावस्या के बाद वाहनों का रेला सड़कों पर आया तो यातायात जाम हो गया। बुधवार को गोपीगंज नगर में वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर भीषण जाम लगा। लालानगर टोल प्लाजा से गोपीगंज पड़ाव तक तकरीबन पांच किमी लंबा जाम लगा। जजाम हटाने के लिए पुलिस को भी पसीना बहाना पड़ा।
प्रयागराज में चल रहे कुंभ में डुबकी लगाने के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की चल रही भीड़ से राजमार्ग पर जाम की समस्या बढ़ गई है। शाही स्नान पर्व मौनी अमावस्या के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति विकट हो गई। स्नान पर्व पर बड़े वाहनों का रूट परिवर्तित कर दिया गया था। स्नानार्थियों के लिए चल रहे छोटे-बड़े वाहन बड़ी संख्या में प्रयागराज से वाराणसी की ओर फर्राटा भर रहे हैं। प्रयागराज से स्नानार्थियों को लेकर लौटने वाले वाहनों के साथ मेले के कारण प्रतिबंधित बड़े वाहनों का आवागमन शुरू होने से बुधवार को राजमार्ग पर लंबा लग गया। डेढ़ से दो घंटे की काशी-प्रयाग की यात्रा करने में दोगुना से भी अधिक समय लग गया। गोपीगंज नगर से होकर गुजरने वाले राजमार्ग पर बुधवार को दिन भर लोग जाम की समस्या से परेशान रहे। यातायात पुलिस के साथ ड्यूटी पर तैनात विशेष पुलिस के जवान जाम से निजात दिलाने की कवायद करते रहे, लेकिन अथक प्रयास के बावजूद समस्या बनी रही। जाम की समस्या में बेतरतीब घुस रहे वाहन चालकों को रोकने में पुलिस बल परेशान हो गई है। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि जाम की समस्या कुंभ की भीड़ बढ़ने के कारण हुई। पुलिस ने वाहनों को समुचित तरीके से निकलवाया।