ज्ञानपुर। ऊंज थानाक्षेत्र के गोधना गांव निवासी दर्जनों लोगों ने बुधवार की देर शाम कलेक्ट्रेट पहुंचकर अवैध निर्माण रोकने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। वहीं निर्माण कार्य में लोगों के खिलाफ शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर निर्माण कार्य को रोकवाने की गुहार लगाई।
चमेला देवी, गेनादेवी, फूलदेई, निर्मला देवी, रामलाल, रमेशचंद, राजेश कुमार, नंदलाल, उमेश कुमार, शिवलाल, प्रेमचंद, राकेश कुमार और कमलेश कुमार ने आरोप लगाया कि आराजी नंबर 1323 पर दो पक्ष सहखातेदार हैं। इसमें एक पक्ष ने ज्ञानपुर देहात निवासी सुरेश कुमार, विनोद कुमार को बेचा है। बुधवार को ऊंज पुलिस के सहयोग से दर्जनों मजदूरों को लगाकर निर्माण शुरू कराया गया, जिसका विरोध करने पर मनबढ़ों ने लोगों को गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं हलका लेखपाल भी मौके पर रहकर मनबढ़ों का सहयोग करते रहे। गुहार लगाई गई कि जब तक सहखातेदारों का नियमत: बंटवारा नहीं हो जाता तब तक निर्माण नहीं होने दिया जाए। जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराकर न्याय की मांग की गई।