ज्ञानपुर। उप संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने शुक्रवार को औराई चौराहे पर तीन स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की। मानक पूरा न करने पर एक वाहन को सीज किया, एक का चालान और एक को नोटिस जारी किया गया। पिछले 10 दिनों में 23 स्कूली वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।
12 जनवरी को लखनो गांव के समीप स्कूल वैन में आग लगने से 19 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए थे। उपचार के दौरान तीन बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद आरटीओ मिर्जापुर ने विभागीय अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। करीब 10 दिनों तक विभागीय अधिकारियों की ओर से स्कूल वाहनों की सघन चेकिंग की गई। शुक्रवार को एआरटीओ ने धनराजी बालिका विद्यालय खमरिया की एक, इंटर कॉलेज खमरिया के दो वाहनों पर कार्रवाई की। इसमें एक वाहन का फिटनेस सही न होने पर सीज किया गया, जबकि एक का चालान किया गया। मानक पूरा न होने पर एक स्कूल को नोटिस जारी किया गया। उन्होंने बताया कि 10 दिनों में मानक पूरा न करने वाले 23 स्कूली वाहनों को विभाग ने सीज किया। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों की विशेष रूप से जांच की जा रही है। इसके लिए जिले में तीन दिन आरआरई ओपी सिंह की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने स्कूल प्रबंधको को चेताया कि परिवहन विभाग की ओर से तय मानक का पूरा पालन किया जाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।