गोपीगंज। नगर स्थित ज्ञानपुर रोड पर बृहस्पतिवार सुबह रसोई में रखे सिलिंडर से गैस रिसाव के चलते आग लग गई। इससे खलबली मच गई। घर वालों ने सिलिंडर उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इससे बाहर भी लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बालू आदि डालकर आग पर काबू पाया, अन्यथा बड़ी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता था।
ज्ञानपुर रोड निवासी लक्ष्मीशंकर जायसवाल के रसोई घर में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। उसी बीच रिसाव के चलते गैस सिलिंडर में आग लग गई। घर में मौजूद परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। इस बीच पुत्र दीपक ने जोखिम उठाकर जलते सिलिंडर को बाहर फेंक दिया। इसको लेकर कुछ देर के लिए सड़क पर अनहोनी के भय से वाहनों का आवागमन ठप हो गया। एकत्रित लोगों ने बालू, मिट्टी आदि डालकर आग को बुझाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।