जंगीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज खंड पर गत सप्ताह से वाईफाई व्यवस्था ध्वस्त होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों का सही लोकेशन नहीं मिल पाना यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया है।
नई व्यवस्था के तहत खंड के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर लाखों रुपये खर्च कर सिस्टम तो लगवा दिए गए, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह अपनी सेवाएं देने में पूरी तरह से अक्षम ही साबित हो रहे हैं। आम दिनों की अपेक्षा इन दिनों प्रयागराज में चल रहे कुंभ को लेकर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लेने के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को भी निर्धारित मेल और एक्सप्रेस का लोकेशन नहीं मिलने से गाड़ियां छूट जा रहीं हैं। कई बार स्टेशनों पर तैनात तकनीशियनों और मंडल स्तर पर रेलटेल के कर्मचारियों को अवगत कराने के बाद भी तत्परता न दिखाया जाना समझ से परे बना हुआ है। जबकि इसके पूर्व में भी आई खराबी का मामला जब तूल पकड़ा था तब इंजीनियरों की टीम ने गड़बड़ी का दूर करने का हरसंभव प्रयास तो किया गया, लेकिन टीम यह कहते हुए लौट गई थी कि फॉल्ट नहीं मिल रहा है। उधर जब भी वाराणसी मंडल में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं तो वह एक-दूसरे पर जिम्मा सौंप किनारा कर लेते रहे हैं। इस संबंध में प्रेम कुमार गौतम, सर्फूद्दीन अंसारी, रमेश कलवार, प्रभुनाथ यादव, जयप्रकाश, रमेश कुमार आदि यात्रियों ने मंडलीय रेल अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ठप पड़ चुके सिस्टम को चालू करवाने की मांग की है।
एडीआरएम ने दिया भरोसा
जंगीगंज। रेल खंड पर ठप पड़े वाईफाई सिस्टम का मामला जब अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके श्रीवास्तव तक पहुंचा तो अविलंब ठीक कराने का आश्वासन दिया गया। बताया कि सिस्टम के संचालन की जिम्मेदारी रेलटेल की है। आए दिन तकनीशियनों की लापरवाही और मनमानी सामने आ रही है। जांच करवाकर कार्रवाई भी की जाएगी।