ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोधना के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र दूबे को आखिरकार बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। जांच में हेडमास्टर के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप सही मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोधना के हेडमास्टर वीरेंद्र दूबे का अक्सर विवादों से नाता रहा। एसएमसी अध्यक्ष संतलाल ने डीएम और बीएसए को प्रार्थना पत्र देकर हेडमास्टर पर मनमानी का आरोप लगाया था। इसके अलावा अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराने में भी लापरवाही सामने आई थी। ग्राम प्रधान और एसएमसी अध्यक्ष ने शासन को पत्र भेजकर मनमानी का आरोप लगाया था। चार दिन पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी जांच करने गए तो हेडमास्टर मौके पर नहीं मिले। इस पर छात्र-छात्राओं का बयान दर्ज किया गया था। बच्चों ने गणित विषय न पढ़ाने की बात कही थी। मंगलवार को बीएसए अमित कुमार सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोधना जांच करने पहुंचे। एक-एक शिकायतों की बिंदुवार जांच की गई तो प्रकरण सही पाया गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर वीरेंद्र दूबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनहीनता, लापरवाही, अनियमितता समेत कई शिकायतें मिली थीं। जांच में अधिकतर शिकायतें सही पाई गईं। उन्होंने सहायक अध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालय में पठन-पाठन का माहौल बेहतर करें।