ज्ञानपुर। सावन के पहले सोमवार को कालीन नगरी का चप्पा-चप्पा शिवभक्ति में लीन नजर आया। शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए सोमवार को भोर से ही शिवभक्त शिव मंदिरों पर पहुंचने लगे। काशी और प्रयाग के मध्य विराजमान स्वयंभू सेमराधनाथ धाम में सावन के पहले सोमवार को 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। इस दौरान दर्शन-पूजन के बाद लोक कल्याणार्थ मंगल कामना की गई।
सावन की शुरुआत सोमवार से होने के नाते पहले ही दिन शिवालय बम-बम हो गए। शिव मंदिरों पर घंटे-घड़ियाल और हर-हर महादेव के जयघोष तड़के ही गूंजने लगे। सिद्धपीठ हरिहरनाथ धाम पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो गया। देवाधिदेव महादेव को श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, मदार माला, भांग की पत्तियां और पुष्प आदि चढ़ाकर सुख सौभाग्य की कामना की। बड़ी संख्या में कांवरियों और व्रती महिलाओं ने भी हरिहरनाथ का जलाभिषेक किया। तिलंगा स्थित तिलेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। इसमें कांवरिया भी शामिल रहे। गोपीगंज बड़ा चौराह स्थित गोपेश्वरनाथ मंदिर पर भी शिवभक्तों की भारी भीड़ लगी रही। इसी तरह, औराई, महाराजगंज, बाबूसराय, चौरी, जंगीगंज, सुरियावां, दुर्गागंज, अभोली, देवनाथपुर, असनाव आदि इलाकों के शिवमंदिरों पर भी भारी भीड़ रही।
महादेव के द्वादश ज्योतिर्लिंग स्वरूपों का महाभिषेक
गोपीगंज। रिमझिम फुहारों के बीच सोमवार को बड़े शिव मंदिर पर भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंग के पार्थिव स्वरूपों का महाभिषेक किया गया। सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर, विश्वनाथ, त्रयंबकेश्वर, वैद्यनाथ, नागेश्वरनाथ, रामेश्वरम, घृषणेश्वर स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्र के संभ्रांत लोग शामिल हुए।
लोक कल्याण के निमित्त सावन के पहले सोमवार को बड़े शिव मंदिर पर सामूहिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देवाधिदेव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप का विशेष अभिषेक आम के रस, गन्ने के रस, दूध, दही, मधु, अनार के रस, बेलपत्र, मदार, धतूर, भांग आदि से किया गया। मौके पर गोपीगंज थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने भी भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। महाभिषेक आचार्य पंडित रामजी पाठक एवं अन्य 11 आचार्यों ने संपन्न कराया। मौके पर तमाम शिवभक्तों सहित शिव परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन कोमल मोदनवाल ने किया। मौके पर भदोही के विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, सभासद दिनेश अग्रहरि, शिवशंकर गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, सच्चिदानंद अग्रहरि, राकेश मोदनवाल, महेश गुप्ता, शिशुपाल सिंह, आकाश अग्रवाल, मोहनलाल उमर वैश्य आदि उपस्थित रहे।
बाबा धवासानाथ मंदिर में रुद्राभिषेक
सीतामढ़ी। श्रावण मास के पहले सोमवार को इलाके के शिवालयों में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से शिव मंदिर गुंजायमान होते रहे। भक्तों ने जलाभिषेक किया। सीतामढ़ी के बाबा धवासानाथ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने दर्शन पूजन कर बाबा का जलाभिषेक किया। पं. शिवपूजन शुक्ल के आचार्यत्व में मंदिर में विधिविधान पूर्वक शास्त्रोक्त विधि से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमे बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य यजमान धीरज मिश्र, आश्रम के महंत अमरदास जी महराज सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। इसी तरह, सीता समाहित स्थल मंदिर के परिसर में स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कार्यक्रम हुआ। पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर स्थित बाबा गंगेश्वरनाथ महादेव मंदिर, महादेवा गंगा घाट स्थित अचलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, मठहा शुक्लान गांव स्थित बाबा बालनाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। शिव मंदिरों में महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें लगी रहीं।