गोपीगंज। नगर से रामपुर घाट होते हुए मिर्जापुर को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर आ गया। नाराज ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जून तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए कहा था, लेकिन मार्ग पर सिर्फ 15 मीटर तक गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रमुख व्यावसायिक नगर गोपीगंज से मिर्जापुर को जोड़ने वाली सड़क की कई साल से मरम्मत नहीं हो सकी है। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद सड़क की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन तीन माह गुजरने के बाद भी सड़क की हालत जस की तस है। आरोप लगाया कि एक दशक से सड़क के नवीनीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन बालू माफियाओं की मिलीभगत से कुछ काम नहीं हो सका। सड़क जगह- जगह गड्ढे मे तब्दील हो गई है। प्रमुख स्नान पर्व पर गड्ढों में गिट्टी और मिट्टी भरकर काम चलाया जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग ने 15 मीटर तक गिट्टी डालकर छोड़ दिया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में रामा तिवारी, ओमप्रकाश, पुलेश तिवारी, अंशु मिश्र, ज्योति तिवारी, मधु तिवारी, आराधना आदि रहीं।