सुरियावां। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन सुरियावां के प्लेटफॉर्मों पर पेयजल संकट गहरा गया है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो पर लगा एकमात्र हैंडपंप भी खराब हो गया है। इससे भीषण गर्मी में यात्री पानी के लिए इधर-उधर भटकते दिखते हैं। दो दिन से खराब हैंडपंप को ठीक कराने की दिशा में पहल नहीं की गई। प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहले ही हफ्तेभर से पेयजल किल्लत चल रही है। बृहस्पतिवार को कई ट्रेनों के यात्री पानी के लिए बोतल लेकर प्लेटफार्म पर पानी के लिए दौड़ते नजर आए, लेकिन पानी नहीं मिला। समाजसेवी केके सिंह, रमेश कुमार उमर, संतोष जायसवाल आदि ने सांसद और रेल अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए स्टेशन पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।