ज्ञानपुर।कूटरचित तरीके से सरकारी संपत्ति को हथियाने एवं कागजों में हेरफेर करने वाले 15 भूमाफिया के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। शनिवार को ऊंज थाने में 12 जबकि गोपीगंज कोतवाली में तीन भूमाफिया के खिलाफ जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें एक भाजपा नेता के भाई भी शामिल हैं।
राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सिंह और बृजलाल सिंह ने ऊंज थाने में तहरीर दिया कि गोधना गांव में बेशकीमती जमीन को कूटरचित तरीके से अनिल कुमार निवासी कठौता, धर्मराज, राकेश कुमार, राजेश कुमार निवासी केशवपुर सरपतहां, कड़ेदीन पांडेय, महेश पांडेय, रिकेला देवी निवासी सारीपुर उमरपुर, राजकुमार, शिवकुमार, शरद कुमार, अंजनी कुमार, मजीता देवी निवासी केवड़रिया गोपीगंज ने अपने नाम दर्ज करा लिया। तहरीर पर पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी तरह राजस्व निरीक्षक कालीचरण सिंह की तहरीर पर भूमाफिया कड़ेदीन पांडेय, महेश पांडेय और श्याम नारायण निवासी सारीपुर उमरपुर के खिलाफ गोपीगंज थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया। इनके खिलाफ आरोप था कि तहसील के मालकान रजिस्टर में 11 फर्जी कूटरचित प्रविष्टि अंकित करा दी गई थी। शिकायत के बाद अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र ने प्रकरण की जांच कराई। जांच में मामला सही मिला। जिसके आधार पर राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर तीनों के खिलाफ जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एडीएम शैलेंद्र मिश्र ने कहा कि 15 भूमाफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें दो भूमाफियाओं पर ऊंज और गोपीगंज थाने में केस दर्ज हुआ।