जिले के चार राजकीय आयुर्वेदिक अस्पतालों की हालत सुधारी जाएगी। इसके लिए शासन की मुहर लग चुकी है।
1.5 करोड़ की लागत से अस्पताल के नए भवन का निर्माण होगा। 90 लाख से तीन अस्पतालों के भवन निर्माण के अलावा 15 लाख से अस्पताल का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
जिले में कुल 26 आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित हैं। बदलते समय के साथ आयुर्वेद के प्रति लोगों का रूझान बढ़ा है। जिस कारण आयुर्वेदिक अस्पतालों पर पहले से अधिक मरीजों की भीड़ भी बढ़ी है। इन दिनों शासन स्तर से भी आयुर्वेद के प्रचार प्रसार पर लाखों रुपये खर्च कर रही है। जिले में संचालित आयुर्वेदिक अस्पतालों में कई के हालत जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं। वहीं कई ऐसे हैं। जहां मरीजों के बैठने का भी इंतजाम नहीं है।
ऐसे में शासन की ओर से 1.5 करोड़ रुपये जारी किया गया है। जिले के बयाव, तिलंगा, लक्षणपट्टी में आयुर्वेदिक अस्पताल में नए भवन बनाए जाएंगे। इन अस्पतालों के भवन काफी जर्जर हो चुके हैं, जो कभी भी गिर सकता है। यहां स्वास्थ्यकर्मी जान जोखिम में डाल कर ड्यूटी करते हैं। विभाग के अनुसार बजट जारी किया जा चुका है।
वहीं निविदा की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। एक अस्पताल के भवन निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये का बजट है। यानी 90 लाख रुपये से निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं मोढ़ के राजकीय अस्पताल का 15 लाख रुपये से मरम्मत होगा। आयुर्वेदिक अस्पतालों में रोजाना औसतन 350 से 400 की ओपीडी होती है।