ज्ञानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व एसआईआर के साथ मतदेय स्थल एवं मतदान केंद्रों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासनिक अमला तैयारी में जुटा है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 148 मतदेय स्थल बढ़ाए जाएंगे। 1200 से अधिक वोटरों वाले मतदेय स्थलों को विभाजित किया गया है। औराई में मतदाताओं की सुविधा के मद्देनजर एक मतदान केंद्र भी बढ़ाया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित है। मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी से लेकर अन्य अफसर तक बूथों पर पहुंचकर हकीकत देख रहे हैं। साथ ही मतदेय स्थलों में भी बदलाव किया जा रहा है। आयोग के निर्देश पर 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर नए मतदेय स्थल बनाए जा रहे हैं। 29 अक्तूबर से चल रही प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे 1256 की जगह कुल 1404 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजा गया है। औराई विधानसभा में बूथ संख्या 329 सोनबरसा में तारापुर के मतदाताओं की दूरी दो किमी से अधिक होने के कारण वहां से हटाकर मतदान केंद्र को तारापुर में ही बनाया गया है। इससे औराई विधानसभा में मतदान केंद्रों की संख्या 227 से बढ़कर 228 हो गई है।