परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक नेट (निपुण असेसमेंट टेस्ट) की तैयारियों में जुटे हैं। शिक्षक अपनी तरह से छात्र-छात्राओं को बोर्ड के माध्यम से ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करा रहे हैं। यह परीक्षा 29 और 30 नवंबर को बेसिक स्कूलों में कराई जाएगी। इसमें एक लाख 47 हजार बच्चे भाग लेंगे।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें एक लाख 47 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं के सीखने की क्षमता को आसान बनाने के लिए निपुण भारत मिशन चल रहा है। इसके तहत छात्र-छात्राओं को विषय सामग्री के जरिये शिक्षण कार्य कराया जाता है।
विद्यालयों को निपुण लक्ष्य हासिल करने की समय सीमा भी निर्धारित की जाती है। अब 29 और 30 नवंबर को परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए छात्र-छात्राओं को बोर्ड पर ड्राइंग बनाकर समझाया जा रहा है। ताकि जब प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका सामने हो तो कोई दिक्कत न आ सके।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अजयपुर, ज्ञानपुर देहात सहित अधिकतर विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक बच्चों को टेस्ट का रिहर्सल करा रहे हैं, जिससे उनको दिक्कत न हो। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि 29 और 30 नवंबर को निपुण असेसमेंट टेस्ट होगा।
इसे लेकर छात्र-छात्राओं की तैयारी कराई जा रही है, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने में कोई दिक्कत न आए। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरजी, एआरपी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर प्रश्नपत्र और ओएमआर सीट भेजा जा रहा है। जिसे एक दिन पूर्व विद्यालयों में भेजा जाएगा।
तीसरी कक्षा तक शिक्षक भरेंगे ओएमआर सीट
कक्षा एक से तीन के छात्रों की ओएमआर शीट शिक्षक भरेंगे। छोटे बच्चे होने के कारण शिक्षक उन्हें अपने पास बुलाकर सवाल जवाब करेंगे। उनके उत्तरों को शिक्षक ही भरेंगे। इसके साथ ही कक्षा 4 से 8 के छात्रों को खुद ओएमआर शीट भरना होगा। शीट को ब्लैक ब़ॉल पेन से भरा जाएगा।