ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव के नामांकन में शनिवार का दिन पुलिस और प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बड़े दलों के साथ निर्दल प्रत्याशी भी नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। समर्थकों संग पहुंचने वाले प्रत्याशियों को बैरिकेडिंग तक रोकना पुलिस के लिए चुनौती भरा होगा।
छठवें चरण के चुनाव के लिए जिले में 16 अप्रैल से नामांकन प्रकिया शुरू हो चुकी है। 17 और 19 अप्रैल को अवकाश होने के कारण केवल दो दिन ही नामांकन पत्र लेने और नामांकन करने का मौका मिला। शनिवार के बाद रविवार को फिर छुट्टी रहेगी। इसलिए 20 और 22 अप्रैल को प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से नामांकन किया जाएगा, जिसमें 20 अप्रैल का दिन प्रशासन के लिए मुश्किलों भरा होगा।
गठबंधन प्रत्याशी औराई से रोड शो की शक्ल में मुख्यालय पहुंचेंगे। सपा-बसपा के पदाधिकारियों संग कार्यकर्ता उनके साथ रहेंगे। भाजपा प्रत्याशी की ओर से जोरईं में सभा की गई है, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय आएंगे। इसके अलावा कई निर्दल प्रत्याशी भी नामांकन करने के लिए समर्थकों संग पहुंचेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह वर्मा ने कहा कि सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है। आचार संहिता का उल्लंघन हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।