ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागर में ईवीएम और वीवीपैट का सैद्धांतिक प्रशिक्षण दो पालियों में दिया गया। इसमें सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को अहम जानकारी साझा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, उप निर्वाचन अधिकारी राम सिंह वर्मा की निगरानी में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को कई बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण प्रभारियों जिला विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और मास्टर ट्रेनर राकेश कुमार सिंह ने ईवीएम,वीवीपैट, माकपोल आदि के बारे में बताया।
निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए सबको इसके बारे में जानकारी लेना जरूरी है। जिससे पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी को कोई दिक्कत आए तो वह समझ सके। आयोग की तरफ से कई मजिस्ट्रेटियल अधिकार दिए गए हैं जिससे वह सकुशल मतदान संपन्न करा सकें। उन्होंने कहा कि यदि सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट स्वयं प्रशिक्षित नहीं रहेंगे, तो मतदान कार्य प्रभावित हो सकता है।
प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है, इसको गंभीरतापूर्वक सबको लेना चाहिए। ईवीएम और वीवीपैट को जोड़ने, मॉकपोल कराने, ईवीएम मशीन सील कराने आदि के बारे में दक्ष हों। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र की सभी पोलिंग पार्टियों से आपसी समन्वय स्थापित कर दो-दो घंटे पर मतदान की स्थिति की रिपोर्ट प्राप्त करेंगे और कंट्रोल रूम को भी अवगत कराएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामसिंह वर्मा ने जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों बताया कि आप सब को व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सैद्धांतिक ज्ञान भी जरूरी है।
प्रशिक्षक प्रभारी जयकेश त्रिपाठी ने प्रशिक्षण ने कहा कि ईवीएम और वीवी पैट के सारे कनेक्शन रंग योजना के अनुसार सही स्थिति और साकेट में प्लग लगाने से होगा। इसके बाद स्वयं पीठासीन अधिकारी सीयू का पावर आन करेंगे। पावर आन करने के बाद सीयू में उसका नंबर अंकित होगा। इस मौके पर डीआईओएस अशोक कुमार, अजय सिंह, मनोज कुमार राय, सुनील तिवारी आदि आदि रहे।